चित्तौड़गढ़। अवैध संबंध के चलते निम्बाहेड़ा कस्बे में निवास कर रहे भीलवाड़ा जिले के दांतड़ा बांध थाना आसिन्द निवासी आरयूडीआईपी इंजीनियर की हत्या के मामले में कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने एक और गिरफ्तारी की है। इंजीनियर की पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं इस मामले में इसके प्रेमी को एक दिन पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जो कि पुलिस रिमांड पर है। इंजीनियर की पत्नी व इसके प्रेमी ने हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया था।
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि निम्बाहेड़ा में तीन दिन पूर्व आरयूआईडीपी में इंजीनियर मोतीलाल का शव कुएं से मिला था। इसके पिता की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच की थी। जांच के मामला प्रेम प्रसंग का निकला था। इंजीनियर की पत्नी सोनिया का निंबाहेड़ा के ही एक बैंक में केशियर वीरसिंह मीणा से अवैध संबंध थे। इसी के चलते वीरसिंह मीणा व इंजीनियर की पत्नी सोनिया ने योजना बना कर पैदल घूमने के बहाने इंजिनियर को सुनसान स्थल पर ले गए। यहां मूसल से वार कर हत्या कर दी। बाद के साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को कुएं में धकेल दिया था। मामले की जांच कर रही पुलिस टीम ने हत्या की वारदात में सहयोगी मृतक मोतीलाल की पत्नी सोनिया बलाई को गिरफ्तार शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इसके प्रेमी एवं हत्या के आरोपित वीरसिंह मीणा काे शुक्रवार को ही गिरफ्तार कर लिया था, जिससे पूछताछ जारी है।
रात को पहुंची थाने, शव देख तोड़ा मंगलसूत्र, किया गुमराह
पति की हत्या में शामिल पत्नी सोनिया ने पुलिस को काफी गुमराह किया था। सूत्रों की माने तो महिला वारदात की रात थाने पहुंच गई और पति के गायब होने की बात कही। पूरी रात पुलिस को गुमराह किया और चिल्लाई भी काफी थी। वहीं अगले दिन कुएं से शव निकला तब भी महिला ने शातिरी दिखाई तथा रोते हुए मानसूत्र तोड़ा और बेहोश हो गई। बाद में पुलिस ने इसे चिकित्सालय दिखाया था। यहां रिपोर्ट नॉर्मल आई तो संदेह और बढ़ गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने इसे पति के शव के साथ भेजा था। लेकिन प्रेमी के कबूलनामे के बाद पुलिस इसे फिर गिरफ्तार करने पहुंची।