Next Story
Newszop

कोटा बैराज से पानी छोड़ने के बाद चंबल नदी में उफान! खतरे के निशान को छूता बहाव, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

Send Push

कोटा बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण धौलपुर में चंबल नदी उफान पर आ गई है। चंबल नदी का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। इसलिए चंबल नदी में जाते समय सावधानी बरतें। बहाव लाल निशान की ओर बढ़ रहा है। जल संसाधन विभाग के अनुसार फिलहाल चंबल का जलस्तर 127 मीटर पर पहुंच गया है।

चंबल नदी खतरे के निशान से महज 3.79 मीटर नीचे बह रही है। नदी का खतरे का निशान 130.79 मीटर है। बढ़ते जलस्तर को देखकर शहर और एमपी बॉर्डर से आने वाले लोग नदी के फोटो और सेल्फी लेने के लिए चंबल पुल पर बड़ी संख्या में नजर आ रहे हैं। चंबल का जलस्तर बढ़ने के कारण जिला प्रशासन ने भी लोगों से नदी के पास और नदी के निचले इलाकों में न जाने की अपील की है। साथ ही मौसम वैज्ञानिक माधो सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश के ऊपर सर्कुलेशन सिस्टम सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आएगा।

मानसून सक्रिय रूप में है। आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होगी। जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। सिंचाई विभाग के आंकड़ों के अनुसार धौलपुर जिले में अब तक 41.1 प्रतिशत बारिश हो चुकी है। शुक्रवार शाम को भी मौसम ने करवट बदली और तेज बारिश हुई। जिससे तापमान में गिरावट आई है। चंबल का जलस्तर 130.50 गेज पर पहुंचने पर सरमथुरा क्षेत्र के झिरी के पानवटी, हल्लू का पुरा, रूंध का पुरा, दुर्गसी, शंकरपुर, भगवत का पुरा, खिल्लाडांडा गांव प्रभावित होते हैं। वहीं 136 गेज पर जलस्तर पहुंचने पर बाड़ी के बरपुरा, गांगोली, धनावली, मुतावली, करुआ गांव तथा राजाखेड़ा के बक्सपुरा, टीकटपुर, गुनपुर, गोपालपुरा, बास ए खियाराम गांव का संपर्क टूट जाता है तथा 138 गेज पर जलस्तर पर राजाखेड़ा के गढ़ीजाफर, हेतसिंह का पुरा, डगरा, बरसला, खोड़, समौना, गढ़ी टीडावली, सिकंदपुर प्रभावित होते हैं। जलस्तर 138.70 गेज तक पहुंचने पर बाड़ी, मिर्चपुरा, ज्वारे का पुरा, मुरहान का पुरा, रजई कलां, रजईखुर्द कस्बे प्रभावित होते हैं।

जलस्तर 139.50 गेज तक पहुंचने पर सरमथुरा क्षेत्र के मदनपुर, भौहारी, काली तीर, भूरा का पुरा, सयानपुर, चंदरपुरा, गुलावली कस्बे प्रभावित होते हैं तथा 140.30 गेज तक पहुंचने पर भैंसेरा के घेर, धनपाल की टेक, मल्हा का पुरा, हथियाखार आदि कस्बे प्रभावित होने की संभावना है। जलस्तर 142.10 गेज तक पहुंचने पर राजाखेड़ा की ग्राम पंचायत फरसपुरा के अंडा पुरैनी और जलस्तर 143.60 गेज तक पहुंचने पर कमरियान का पुरा, मोर बसिया, खूबी का अड्डा प्रभावित होते हैं। प्रशासन ने सतर्क रहने को कहा है.

Loving Newspoint? Download the app now