अगली ख़बर
Newszop

Muivah In Manipur: मुइवा ने 50 साल से अधिक समय बाद मणिपुर की धरती पर रखा कदम, स्वागत को उमड़ा जनसैलाब

Send Push
उखरुल: नागालैंड के नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल (NSCN-IM) के महासचिव थुइंगालेंग मुइवा 50 साल से भी ज्यादा समय बाद अपने पैतृक गांव सोमदल पहुंचे। बुधवार को मणिपुर के उखरुल जिले में 91 साल के नगा नेता का हेलीकॉप्टर से आगमन हुआ। हजारों नगा महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक वेशभूषा और हथियारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब मणिपुर मेइती और कुकी-जो समुदायों के बीच जातीय हिंसा से जूझ रहा है।

बख्शी मैदान में उतरा हेलीकॉप्टर
एक अधिकारी ने बताया कि 91 वर्षीय नगा नेता को लेकर एक हेलीकॉप्टर जिला मुख्यालय के बख्शी मैदान में उतरा। हजारों नागा महिलाएं अपने पारंपरिक परिधानों में और पुरुष भाले लिए और सिर पर पगड़ी बांधे मुइवा का स्वागत करने के लिए उखरुल जिला मुख्यालय पहुंचे। 1997 में एनएससीएन (आईएम) के संघर्ष विराम समझौते के बाद से केंद्र के साथ नगा शांति वार्ता में मुख्य वार्ताकार मुइवा, दीमापुर रवाना होने से पहले एक हफ्ते तक सोमदल गांव में रुक सकते हैं।

मणिपुर हिंसा के बीच अहम दौरान
उनका यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब मणिपुर मई 2023 से मेइती और कुकी-जो समूहों के बीच जातीय हिंसा से त्रस्त है। इस संघर्ष में 260 से अधिक लोगों की मौत हुई है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। मुइवा का स्वागत करने आए ए होराम ने कहा कि यह सभी नगाओं और मेरे लिए एक भावुक क्षण है। हम उनकी कहानी सुनते बड़े हुए हैं। वह एक महान व्यक्ति हैं।

नगा नेताओं के कई होर्डिंग और पेंटिंग लगाई
एनएससीएन (आईएम) के कई वरिष्ठ नेता भी तंगखुल नगा-बहुल उखरुल जिले में पहुंचे हैं। जिला मुख्यालय में नगा नेताओं के कई होर्डिंग और पेंटिंग लगाई गई हैं। उनके दौरे से पहले स्थानीय लोगों ने जिला मुख्यालय के विभिन्न स्थानों पर रात भर सफाई अभियान चलाया। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मुइवा जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर दूर अपने पैतृक गांव सोमदल के लिए रवाना होंगे।

कब तक रुकेंगे मुइवा?
उन्होंने बताया कि उनके आगमन के लिए सोमदल में एक हेलीपैड बनाया गया है। उन्होंने कहा कि नगा नेता सोमदल में एक सप्ताह तक रुकेंगे और 29 अक्टूबर को मणिपुर के सेनापति जिले से होते हुए दीमापुर के लिए रवाना होंगे।
न्यूजपॉईंट पसंद? अब ऐप डाउनलोड करें