Next Story
Newszop

Creta कार नहीं मिली तो दूल्हे ने घोड़ी चढ़ने से कर दिया इंकार, दुल्हन के घरवालों ने बारातियों बनाया बंधक

Send Push
जावेद अहमद, जौनपुर: यूपी के जौनपुर में शनिवार रात अजीबोगरीब मामला सामने आया। एक शादी में बाराती तो पहुंच गए लेकिन दूल्हा नदारद रहा। बताया जा रहा है कि दूल्हे ने अचानक दहेज में महंगी कार मांग ली। ऐसे में दुल्हन पक्ष ने दहेज दे पाने में असमर्थता जता दी। देर रात बारात तो पहुंची लेकिन दूल्हा साथ नहीं आया। बारात में गयी दूल्हे की मां से लड़की पक्ष ने पूछा तो वो दूल्हे को रास्ते में आता हुआ बताती रहीं। देर रात तक दूल्हे के इंतज़ार में घराती बैठे रहे। जब दूल्हा नहीं आया तो लड़की पक्ष ने दूल्हे की मां और कुछ बारातियों को बंधक बना लिया। सुबह लड़की पक्ष ने पुलिस को सूचना देकर केस दर्ज करवा दिया। मामला नगर कोतवाली क्षेत्र का है।



बक्शा थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति की दो बेटियों की शादी 21 जून को होनी थी। दोनों बेटियों में एक का रिश्ता भदोही के गोपीगंज और दूसरी का वाराणसी के कोदई चौकी निवासी अब्दुल कबीर से तय हुआ था। शादी भव्य रूप से हो इसके लिए नगर का एक मैरेज हाल बुक किया गया। देर शाम गोपीगंज से बारात आ गयी। घरातियों ने उनकी आवभगत की। थोड़ी देर में निकाह की तैयारी होने लगी। ऐसे में कहा गया कि दूसरी बारात आ जाए तो दोनों निकाह एक साथ हो जाये। कुछ देर बाद वाराणसी से कुछ बाराती आ गए। उनमें दूल्हे की मां भी शामिल थीं। लड़की के पिता ने उनसे दूल्हे के बारे पूछा गया। इसपर उन्होंने बताया कि थोड़ी ही देर में दूल्हा आ जायेगा।



घंटों राह तकते रहे घराती, नहीं आया दूल्हा

दूल्हे की मां के आश्वासन पर काफी देर तक घराती दूल्हे की रह तकते रहे। वह लगातार घरती पक्ष को बताती रहीं कि दूल्हा रास्ते में है, बस थोड़ी ही देर में आ जाएगा। ऐसे करते अधिक समय बीत जाने पर लड़की पक्ष ने दूल्हे के मोबाइल नंबर पर फोन लगाया तो वह बंद आ रहा था। इस पर सभी का माथा ठनका।



बिना महंगी कार लिए बारात नहीं लाएगा दूल्हा

जब लड़की पक्ष ने दूल्हे की मां से सवाल जवाब शुरू किया तो दूल्हे के न आने का राज़ खुल गया। उन्होंने बताया कि दूल्हे की मांग है कि उसे दहेज में लगभग 20 लाख रूपये कीमत की क्रेटा कार चाहिए। क्रेटा कार न मिलने पर वो घोड़ी नहीं चढ़ेगा। ये सुनते ही लड़की पक्ष ने इज़्ज़त की दुहाई देते हुए ऐसा न करने की गुहार लगाई।



बात नहीं बनी तो दूल्हे की मां और बाराती बनाए गए बंधक

काफी मान मनव्वल के बाद भी दूल्हे ने शादी में आने से इंकार कर दिया। इसपर नाराज़ होकर लड़की पक्ष ने दुल्हे की मां समेत लगभग 10 बारातियों को बंधक बना लिया। इसके बाद घंटों पंचायत चलती रही। बारात आने या शादी में हुए नुकसान की भरपाई करने की बात होने लगी लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने यूपी 112 पर फोन कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस आ गई।



दूल्हा समेत 9 लोगों पर केस दर्ज

लड़की के पिता की तहरीर पर नगर कोतवाली में दूल्हा, उसकी मां, भाई, भाभी, बहन समेत 9 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Loving Newspoint? Download the app now