Next Story
Newszop

Iran-Israel War: ईरान ने परमाणु मसले पर किसी से भी बातचीत से कर दिया मना, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने जताई तीसरे विश्व युद्ध की आशंका

Send Push

सेंट पीटर्सबर्ग/जेनेवा। इजरायल और ईरान के बीच जंग लगातार तेज हो रही है। ईरान और इजरायल एक-दूसरे पर जमकर हमले कर रहे हैं। इन हमलों में ईरान में 600 से ज्यादा और इजरायल में दो दर्जन से अधिक लोगों ने जान भी गंवाई है। हमलों के कारण दोनों देशों में सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। अब ईरान ने साफ कह दिया है कि वो परमाणु मसले पर किसी से बातचीत नहीं करेगा। वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने आशंका जताई है कि दुनिया तीसरे विश्व युद्ध की ओर बढ़ रही है।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने जेनेवा में ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और यूरोपीय संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस बैठक में इजरायल के साथ जारी जंग को खत्म करने का कोई रास्ता नहीं निकला। ये सभी यूरोपीय देश ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत कराने की कोशिश कर रहे हैं। बैठक के बाद ईरान के विदेश मंत्री अरागची ने साफ कह दिया कि परमाणु मसले पर उनका देश किसी से भी बातचीत नहीं करेगा। हालांकि, खबर ये है कि ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और यूरोपीय संघ के प्रतिनिधियों के साथ एक और दौर की बैठक के लिए ईरान के विदेश मंत्री राजी हुए हैं। ईरान की सरकार ने साफ कहा है कि इजरायल की ओर से हमला बंद होना चाहिए। उसके बाद ही परमाणु मसले पर बातचीत हो सकती है। ईरान ने ये भी कहा है कि वो परमाणु बम नहीं बना रहा।

एक तरफ यूरोपीय देश ईरान को मनाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में व्लादिमिर पुतिन ने कहा कि दुनिया तीसरे विश्व युद्ध की तरफ बढ़ रही है और इससे वो चिंतित हैं। एक कार्यक्रम में व्लादिमिर पुतिन ने कहा कि इस वक्त दुनिया में टकराव के बहुत सारे कारण हैं। जिनकी वजह से युद्ध हो रहे हैं। रूस के राष्ट्रपति ने कहा कि उनका देश यूक्रेन से लड़ रहा है और ईरान व इजरायल में भी युद्ध जारी है। ईरान के परमाणु ठिकानों पर इजरायल के हमलों पर पुतिन ने चिंता जताई। पुतिन ने कहा कि सबकुछ हमारी नाक के नीचे हो रहा है। हमें स्थिति से सावधान होने की जरूरत है, ताकि हालात और न बिगड़ें। रूस के राष्ट्रपति ने कहा कि समय रहते समाधान खोजना चाहिए। जिससे स्थिति विस्फोटक होने और न संभलने जैसी स्थिति में न पहुंचे। उन्होंने ये भी कहा कि इजरायल और ईरान दोनों ही रूस के दोस्त है। वो उनके बीच टकराव खत्म कराने के लिए मध्यस्थता करने को तैयार हैं।

The post Iran-Israel War: ईरान ने परमाणु मसले पर किसी से भी बातचीत से कर दिया मना, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने जताई तीसरे विश्व युद्ध की आशंका appeared first on News Room Post.

Loving Newspoint? Download the app now