Next Story
Newszop

दिल्ली सरकार के तीन दिवसीय तीज मेला का 25 जुलाई को उद्घाटन करेंगी मुख्यमंत्री

Send Push

नई दिल्ली, 13 जुलाई (Udaipur Kiran) । दिल्ली सरकार महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक समृद्धि और सामुदायिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजधानी में 25 जुलाई से तीन दिवसीय तीज मेला आयोजित करने जा रही है। दिल्ली हाट पीतमपुरा में आयोजित इस तीज मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 25 जुलाई की शाम करेंगी।

मुख्यमंत्री ने रविवार को विज्ञप्ति बताया कि इस वर्ष तीज महोत्सव को खास बनाने के लिए आयोजन स्थल को विषय आधारित भव्य सजावट से सजाया जाएगा। पूरे परिसर को पारंपरिक तीज थीम के अनुरूप तैयार किया जाएगा, जिसमें 3-डी एंट्री गेट, रंग-बिरंगे झूमर व लाइट्स, एलईडी और स्पॉट लाइट्स का उपयोग किया जाएगा। इस मेले में आने वाले लोगों को डिजिटल अनुभव देने की पूरी तैयारी की गई है। आयोजन स्थल पर कम से कम तीन थीम आधारित सेल्फी बूथ होंगे, जिनमें एक एआर सेल्फी बूथ शामिल रहेगा। इसके साथ ही एआई की मदद से मेहंदी डिजाइन चुनने और उसी स्थान पर उसे लगाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि तीज मेले में पारंपरिक कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए 80 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें हस्तशिल्प, पारंपरिक कपड़े, चूड़ी, ब्लॉक प्रिंटिंग, एम्ब्रॉयडरी, मेंहदी और पारंपरिक व्यंजन आदि शामिल होंगे। साथ ही महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं और स्टेज प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें मेंहदी, रंगोली, बिंदी सजावट, तीज क्वीन, तीज क्विज और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता प्रमुख रहेंगी। इन सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। 18 जुलाई को वुमन इन ग्रिन नामक विशेष फैशन वॉक का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें मिस तीज 2025 का चयन होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि तीज मेले में महिलाओं के लिए पूरे दिन झूले और फन एक्टिविटीज की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और सामाजिक मुद्दों पर केंद्रित वर्कशॉप भी आयोजित होंगी। प्रत्येक दिन तीज से जुड़ी कहानियों का वाचन भी किया जाएगा, जो सांस्कृतिक ज्ञान और परंपरा को आगे बढ़ाएगा।

उन्होंने बताया कि तीज महोत्सव में पारंपरिक कलाओं की जीवंत प्रदर्शनी भी देखने को मिलेगी। इसमें कुम्हार का चाक, चूड़ी निर्माण, बुनाई, ब्लॉक प्रिंटिंग और कढ़ाई जैसे शिल्पों का लाइव प्रदर्शन शामिल होगा, ताकि लोग इन कलाओं को नजदीक से देख, समझ और अनुभव कर सकें। इसके अतिरिक्त मेले में परिवार और बच्चों के मनोरंजन का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। बच्चों के लिए किड्स जोन की व्यवस्था की गई है, जहां उनके लिए रोचक और शैक्षिक गतिविधियां, स्टोरी टेलिंग, मैजिक शो और विभिन्न खेल उपलब्ध होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष तीज महोत्सव पूरी दिल्ली में पारंपरिक उत्साह, सांस्कृतिक गरिमा और भव्य आयोजनों के साथ मनाया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Loving Newspoint? Download the app now