कानपुर, 22 जून (Udaipur Kiran) । 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने लोकतंत्र की हत्या करते हुए पूरे देश में आपातकाल थोप दिया था। संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कुचलने वाली इस घटना को आज भी भारतीय राजनीति का सबसे काला दिन माना जाता है। भाजपा इन संगोष्ठियों के माध्यम से उस समय के अत्याचारों, मीडिया सेंसरशिप और विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी जैसे मुद्दों को सामने लाएगी। यह बातें रविवार को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष पाल ने कही।
भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय मुख्यालय पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि भारतीय जनता पार्टी 25 जून को आपातकाल की 50वीं बरसी पर अपने सभी 17 संगठनात्मक जिलों में संगोष्ठियों एवं प्रदर्शनी के माध्यम से जनता को आपातकाल के काले अध्याय की जानकारी देगी। इसी क्रम में 27 जून को कानपुर महानगर एवं झांसी महानगर में युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा के तत्वावधान में मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का वर्चुअल शुभारंभ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह भी सीधे तौर पर जुड़े रहेंगे।
मॉक पार्लियामेंट का आयोजन प्रातः 10 बजे से सायं सात बजे तक चलेगा। जिसमें युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा के कार्यकर्ता पक्ष-विपक्ष की भूमिका निभाते हुए लोकतांत्रिक संवाद प्रस्तुत करेंगे। इस आयोजन में 18 से 35 वर्ष तक के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे, जिनका चयन प्रक्रिया के माध्यम से किया जा रहा है। युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनील साहू ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को न सिर्फ राजनीतिक जागरूकता प्राप्त होगी, बल्कि वे लोकतंत्र की सच्ची ताकत को भी समझ सकेंगे।
मॉक पार्लियामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भाजपा प्रदेश स्तर के जजों द्वारा सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ उपस्थित रहेंगे।
(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप